श्रीडूंगरगढ टुडे 10 जुलाई 2025
गांव ठुकरियासर में लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक विवाद के बीच बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह आदेश जारी कर प्रशासक के पद पर तैनात सरपंच अमराराम गांधी को हटाकर उपसरपंच जमना देवी शर्मा को प्रशासक का चार्ज सौंप दिया है।
सूत्रों के अनुसार, सरपंच अमराराम गांधी का प्रशासन के साथ बीते कई महीनों से टकराव चल रहा था। जीएसएस की भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद, मंदिर की मूर्ति टूटने का मामला, पंचायत खाते सीज होना और अमराराम गांधी व उनके पुत्र की गिरफ्तारी तक कई गंभीर मुद्दे सामने आए थे।
बीते बुधवार को गांव में आयोजित अंत्योदय शिविर के दौरान भी ग्रामीणों ने विकास कार्यों के ठप होने पर नाराजगी जाहिर की थी। लोगों ने खुलकर बताया कि प्रशासन और सरपंच के विवाद की कीमत पूरा गांव चुका रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने कड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार को सरपंच को प्रशासक पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया। उपसरपंच जमना देवी शर्मा को नया प्रशासक नियुक्त किया गया है।
इस घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को भी गर्मा दिया है। हाल ही में कांग्रेस पार्टी द्वारा सरपंच के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिससे मामला और भी चर्चाओं में आ गया था।
अब गांव में चर्चा है कि “राज से टकराना” सरपंच अमराराम गांधी को भारी पड़ गया। क्षेत्रवासी उम्मीद कर रहे हैं कि अब प्रशासनिक गतिरोध खत्म होगा और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।