श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 अक्टूबर 2025
ग्राम लिखमादेसर से सालासर धाम के लिए पैदल यात्री संघ का भव्य प्रस्थान किया गया। यात्रा की शुरुआत ठाकुरजी मंदिर प्रांगण से मंगलाचरण एवं भजनों के साथ हुई। इसके पश्चात यात्रियों ने श्री हंसोजी धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संघ संचालक पंडित बजरंग लाल पारीक ने जानकारी दी कि यह संघ की 17वीं फेरी है। इस बार लगभग 125 श्रद्धालु पैदल यात्री इस यात्रा में शामिल हुए हैं। ग्रामीणों ने यात्रियों का पुष्पवर्षा, जयकारों और मंगल गीतों के बीच उत्साहपूर्वक स्वागत कर उन्हें शुभकामनाओं सहित विदाई दी।
यात्रा लगभग 4 दिनों तक चलेगी और निर्धारित पड़ावों पर यात्रियों के लिए भजन-कीर्तन, विश्राम एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। पैदल यात्री सामूहिक भक्ति गीत गाते हुए अनुशासन व श्रद्धा के साथ गंतव्य की और बढ़ रहे हैं।
सालासर धाम पहुँचने पर हवन-पूजन, भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। संघ के प्रस्थान अवसर पर वातावरण भक्तिरस और उल्लास से सराबोर हो गया यात्रा रवानगी के समय बजरंगलाल जोशी, विश्वनाथ ज्याणी, भींवाराम ज्याणी गोविंद पारीक, केसराराम सुथार, लालनाथ महिया
पवन सिद्ध, दुलनाथ गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


