श्रीडूंगरगढ़। सेसोमूँ स्कूल द्वारा हाल ही में प्राप्त राष्ट्रीय, ज़ोनल एवं जिला स्तरीय खेल उपलब्धियों के उपलक्ष में गुरुवार को एक भव्य विजय रैली का आयोजन किया गया।
विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा की अनुप्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडू, सेसोमूँ मैनेजिंग कमेटी के सदस्य महावीर माली एवं सुभाष शास्त्री की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
बीते डेढ़ माह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बारह खिताब जीतने के उपलक्ष में आयोजित इस रैली में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली घूमचक्कर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। रैली का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिससे उत्साह और भी बढ़ गया।
प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने बताया कि बीते डेढ़ माह में विद्यालय ने राष्ट्रीय, ज़ोनल और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 12 ट्रॉफियाँ अर्जित की हैं, जो न केवल सेसोमूँ परिवार के लिए बल्कि पूरे श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता आया है, और विद्यार्थियों की ये ऐतिहासिक उपलब्धियाँ इसी खेल संस्कृति का परिणाम है।














