श्रीडूंगरगढ़ टुडे 20अक्टूबर 2025
रोशनी के पर्व दीपावली के बीच गुसाईंसर बड़ा गांव में दुख और शोक का माहौल छा गया। श्रीडूंगरगढ़ से भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत की छोटी बहन दुर्गादेवी (65) का रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्गादेवी अपने पीहर गुसाईंसर बड़ा आई हुई थीं और खेत में थ्रेसर से ग्वार निकालने में मदद कर रही थीं। इसी दौरान उनके चेहरे पर बंधा स्कार्फ अचानक थ्रेसर के पंखे में फंस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनका ससुराल रतनगढ़ के निकट गांव लधासर में है, जहां सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हादसे से सारस्वत परिवार सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। दीपावली की खुशियों पर मानो ग्रहण लग गया है। गांव और आसपास के लोग पीडि़त परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना व्यक्त कर रहे हैं।