श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 अक्टूबर 2025
एक ओर किसान मूंगफली की तुलाई के लिए कतारों में खड़े हैं, वहीं दूसरी ओर सूखी जमीनों पर भी “सिंचित फसल” दिखाकर गिरदावरी चढ़ाई जा रही है। एशिया के सबसे बड़े मूंगफली ब्लॉक श्रीडूंगरगढ़ में यह फर्जीवाड़ा अब खुलकर सामने आ गया है। सवाल बड़ा है, जब खेतों में फसल नहीं, तो गिरदावरी कैसे?
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एवं मूंगफली तुलाई में हो रही परेशानियों को मध्यनज़र रखते हुए इस वर्ष श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अतिरिक्त तुलाई केंद्र खोलने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को भेजा गया था सरकार द्वारा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए पाँच नए तुलाई केंद्रों की स्वीकृति प्रदान की गई है। लेकिन जैसे ही व्यवस्था किसानों के हित में बनी, कुछ असामाजिक तत्वों ने इसमें गड़बड़ी का “बीज” बो दिया। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में जहाँ मूंगफली की फसल हुई ही नहीं, वहाँ गिरदावरी बना दी गई। उन्होंने कहा कि यह सीधा-सीधा किसानों के अधिकारों पर डाका है। विधायक ने कल ही कलेक्टर और एसडीएम से बातचीत कर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी, “फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा, तथा फर्जी गिरदावरी बनाने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी। विधायक सारस्वत ने किसानों से अपील की है कि वे मूंगफली तुलाई प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें ताकि क्षेत्र के वास्तविक किसानों को उनका पूरा लाभ मिल सके।
अब देखना ये है कि श्रीडूंगरगढ़ में सूखी जमीनों पर उगी इस “गिरदावरी की फसल काटने वालों पर कितनी सख्त कार्रवाई होती है- क्योंकि सवाल सिर्फ फसल का नहीं, ईमान की सिंचाई का है।










