श्रीडूंगरगढ़ टुडे 26 अक्टूबर 2025
श्रीडूंगरगढ़ सामाजिक संस्था आपणो गांव सेवा समिति के सेवादारों ने रविवार को पशुपालन विभाग मंत्री जोराराम कुमावत से मुलाकात कर श्रीडूंगरगढ़ के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहु उद्देश्य पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा समिति अध्यक्ष जतनसिंह ने मंत्री कुमावत को जानकारी देते हुए बताया कि श्रीडूंगरगढ़ अंचल में बड़ी संख्या में पशु पालक समुदाय है, जिनकी आजीविका पशुपालन पर निर्भर है। यहां ऊंट, गाय, भैड़, बकरी सहित अन्य पशुधन की संख्या अत्यधिक है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र होने से यहां पशुधन सुरक्षा, रोग नियंत्रण एवं आपातकालीन पशु चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता निरन्तर बनी रहती है। सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में संसाधन, उपकरण एवं कार्मिकों की सीमित उपलब्धता के कारण पशुपालकों को समय पर उचित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। चिकित्सालय के क्रमोन्नत होने से यहां पशुपालकों को उन्नत सेवा, टीकाकरण, रोग निदान, दवा वितरण, दुग्ध उत्पादन संवर्धन एवं आपातकाल पशु चिकित्सा क्षेत्र के पशुपालको को सुगमता से सुविधा मिल सकेगी। सेवा समिति ने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत से निवेदन किया है कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सीमावर्ती संवेदनशीलता और पशुधन की अधिकता को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ के इस प्रमुख पशु चिकित्सालय को जल्द ही बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाए। इस दौरान समिति अध्यक्ष जतन सिंह, पूर्व अध्यक्ष मनोज डागा, राजकुमार प्रजापत, जय धरू, सत्यनारायण टाक, मदन सोनी, प्रवीण पालीवाल, भीकमचंद सुथार, मनोज कायल, सांवरमल प्रजापत सहित अनेक सेवादार मौजूद रहें।











