श्रीडूंगरगढ़ टुडे 1 नवम्बर 2025
जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ में 20 अक्टूबर को हुई दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज मामले में सेरूणा निवासी मदनलाल सारस्वत और उनके मुनीम बिग्गा निवासी रेंवतराम तावणिया की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने टेक्निकल सहायता से राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में होटलों, ढाबों और सरायों में दबिशें दीं। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ सुखा पुत्र प्यारसिंह सांसी और अनमोलप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह मजबी सिख, निवासी बलौच, मुक्तसर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया, ताकि वारदात के कारणों और अन्य शामिल व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की जा सके। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई 9 लाख 20 हजार 720 रुपए की राशि बरामद कर ली है, जबकि मृतक की कार पहले ही बरामद कर ली गई थी।
गौरतलब है कि मृतक मदनलाल के पुत्र पंकज कुमार सारस्वत ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का मोहनगढ़ मुख्य बाजार में जुलूस निकालकर वारदात के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। पुलिस द्वारा पूछताछ और मामले की आगे की छानबीन जारी है।

देखें वीडियो










