श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 नवम्बर 2025
दुलचासर को जयपुर हाईवे से जोड़ने वाली दुलचासर लखासर लिंक रोड़ पर विधुत निगम की ओर से सड़क से सटाकर सीमेंटेड खम्भे खड़े करते हुए 33 केवीए की विधुत लाईन खींचने का कार्य किया जा रहा है। निगम की इस लापरवाही से इस सिंगल रोड़ पर जहां सामने से दूसरा वाहन आने पर आवागमन बाधित होगा। वहीं सड़क दुर्घटना की प्रबल आंशका सदा बनी रहेगी। निगम की इस लापरवाही का विरोध करते हुए जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू ने बताया कि गलत जगह पर खड़ी की जा रही इस लाइन कार्य के संबंध में गत 12 अगस्त 2025 को मौके की फोटो सहित सानिवि के सहायक अभियंता को अवगत कराया था। वही 1 अक्टूबर 2025 को मैंने बीकानेर जिला परिषद की साधारण सभा में गलत जगह खड़ी की जा रही लाइन को सड़क मार्ग की निश्चित दूरी के बाद खड़ी करने के संदर्भ में प्रस्ताव रखा था। जिस पर बैठक में मौजूद विद्युत विभाग में अधीक्षण अभियंता ने सदन को आश्वस्त किया था कि बिजली के सीमेंट खम्बो को सड़क सीमा से हटकर सही जगह पर 15 दिनों की अवधि में लगा दिए जाएंगे। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी इस लिंक रोड पर खंबे यथावत खड़े हैं। जिसके बाद गत 30 अक्टूबर 2025 को श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम को भी सभी दस्तावेज और मौके की फोटो सहित मुलाकात कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।











