श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 नवम्बर 2025
श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक गिरधारी महिया ने जिले में किसानों की मूंगफली खरीद को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को उन्होंने किसानों के साथ मिलकर धरना दिया और आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते किसान अपनी उपज को सरकारी कीमतों पर बेचने से वंचित हो रहे हैं।
महिया ने कहा कि एशिया की सबसे बड़ी मूंगफली मंडी बीकानेर में स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों क्विंटल मूंगफली पहुंचती है, लेकिन इसके बावजूद किसान को उसकी उपज के पूरे दाम नहीं मिल रहे। हालात यह हैं कि किसान एमएसपी पर खरीद की उम्मीद में अधिकारियों के आगे गुहार लगाने को मजबूर है, मगर सुनवाई नहीं हो रही।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि व्यापारी पुरानी मूंगफली को एमएसपी पर बेचकर फायदा ले रहे हैं, जबकि असली लाभार्थी किसान पीछे छूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल 2001 से मूंगफली को एमएसपी खरीद सूची में शामिल किया गया था, लेकिन आज भी किसान अपनी संपूर्ण उपज सरकारी दरों पर बेचने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है।
महिया ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा जो किसान एमएसपी पर मूंगफली बेचने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल खोला जाए, किसानों को टोकन जारी किए जाएं, ताकि वे अपनी उपज सरकारी दर पर बेच सकें, साथ ही व्यापारियों द्वारा मूंगफली की खरीद पर रोक लगाई जाए, ताकि किसान शोषण से बच सकें।
उन्होंने कहा कि बीकानेर के किसानों के साथ मूंगफली खरीद में हो रहा सौतेला व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिया ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।










