श्रीडूंगरगढ़ टुडे 15 नवम्बर2025
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल श्री डूंगरगढ़ द्वारा युवती मंडल का प्रथम कार्यक्रम सखी समिट उड़ान संस्कारों की महिला मंडल भवन में आयोजित किया गया। तेरापंथ महिला मंडल पदाधिकारीयों द्वारा युवती मंडल में शामिल हुई तेरापंथ समाज की युवतियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया एवं साध्वीश्री के मंगलपाठ से कार्यक्रम शुरू हुआ। पांच मिनिट तक ओम-भिक्षु के सामूहिक जाप से हुए आध्यात्मिक माहौल में सखी समिट आयोजित हुई। सखी समिट का विषय क्या डिग्री से मिलती है हर डगर पर? विचार विमर्श किया गया। जिसमें मधु झाबक ने बताया कि हम महिलाएं बिना डिग्री भी हर स्तर पर आगे बढ़ सकती हैं, जिस तरीके से मैं अपना स्वयं का व्यापार करती हूं उसके लिए मुझे किसी डिग्री की आवश्यकता नहीं है। विजेता चोपड़ा ने बताया कि डिग्री अपनी जगह है टैलेंट अपनी जगह है अगर इंसान के पास अच्छा टैलेंट हो तो वह सब कुछ कर सकता है फिर उसे किसी भी डिग्री की आवश्यकता नहीं। सरिता बोथरा ने कहा कि बिना डिग्री के हम कुछ ना कुछ कर सकते हैं पर बिना डिग्री के आज हमें किसी काम के ₹50 हजार मिलते हैं तो सोच कर देखें कि अगर हमारे पास डिग्री होती तो उसी काम के हमें ₹1 लाख भी मिल सकते थे तो डिग्री होना भी जरूरी है। इस तरह से सभी युवतियों ने इस विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने-अपने विचार रखें। जिससे निष्कर्ष यही निकला कि आज की महिलाएं इतनी निपुण है कि वह अपने काम करने के लिए डिग्री की आवश्यकता नहीं मानती। अगर उनके पास डिग्री हो तो यह उसे काम में अपना 100% देगी और डिग्री नहीं भी हो तब भी वह अपना 100% देगी वह अपने स्तर पर अपना भविष्य व अपने परिवार की जिम्मेदारियां भी संभाल सकती है। सभी युवतियों अपना परिचय दिया। मंडल द्वारा आगामी योजनाओं के बारे में भी चर्चा की गई इसके बाद सभी युवतियों ने खेल के द्वारा अपना मनोरंजन किया तथा विजेताओं को पुरसकृत किया। कार्यक्रम का संचालन तेरापंथ महिला मंडल मंत्री अंबिका डागा ने किया।












