श्रीडूंगरगढ़ टुडे 27 नवंबर 2025
ग्राम पंचायत सेरूणा में पेयजल संकट गहरा गया है। माताजी मंदिर के पास स्थित ट्यूबवेल और भादू बास का ट्यूबवेल पिछले दो महीने से बंद पड़े हैं। सर्दी के मौसम में भी गांव के लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
समस्या से परेशान ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम शुभम शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार और शनिवार तक दोनों ट्यूबवेल शुरू नहीं किए गए, तो वे मजबूर होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
लोकसमता समिति के अध्यक्ष भरत सिंह राठौड़ ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण पूरा गांव परेशान है। “दो महीने से लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों को इसकी कोई परवाह नहीं,” उन्होंने कहा। राठौड़ ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी।










