श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 नवंबर 2025
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने आज ग्राम सेवा सहकारी समिति (केवीएसएस) जोधासर में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस नए केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी तथा खरीद प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनेगी।
विधायक सारस्वत ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार है और प्रदेश सरकार किसानों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश की यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल जी शर्मा, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा तथा सहकारिता मंत्री गौतम दक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कल्याणकारी नीतियाँ लागू कर रही है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आने वाले समय में राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने हेतु और अधिक विकासोन्मुख योजनाएँ लेकर आने वाली है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और खेती-किसानी में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कार्यक्रम के दौरान सोसायटी अध्यक्ष भागीरथ सिंह, सोसायटी व्यवस्थापक कल्याण सिंह, मैनेजर भीख सिंह, सुरेंद्र स्वामी, भागीरथ सिंह, महेश राजोतिया, मल्लू नाथ, जेठनाथ सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।













