श्रीडूंगरगढ़ टुडे 6 दिसंबर 2025
श्रीडूंगरगढ़ में लगातार पुलिस टीमों द्वारा अवैध डोडा के खिलाफ एक्शन जारी है। शेरूणा पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ डोडा पोस्त जब्त किया है। नशीले पदार्थों के खिलाफ आईजी हेमंत शर्मा,एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में शेरूणा थानाधिकारी संध्या विश्नोई की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 46 कट्टों में भरा 838 किलो अवैध डोडा के साथ ट्रेलर चालक को पकड़ा है। पुलिस ने अवैध डोडा के साथ सुरेन्द्र कुमार जाट पुत्र भंवराराम निवासी मालकी ढ़ाणी, मांडली बालोतरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस सम्बंध में शेरूणा एसएचओ संध्या विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि ट्रेलर के माध्यम से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस टीम ने थाने के सामने नाकाबंदी की और ट्रेलर को रूकवाकर चैक किया तो डोडा मिला। विश्नोई ने बताया कि ट्रेलर चालक भारतमाला पर चढ़ने की फिराक में था लेकिन इससे पहले उसे पकड़ लिया गया। भारतमाला के जरिये बड़ी मात्रा में तस्करी होती रही है। तस्कर भारतमाला को सुरक्षित परिवहन मार्ग समझते हैं। ऐसे में भारतमाला चढ़ने से पहले ही तस्कर को पुलिस ने दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है कि आखिर डोडा कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था।











