श्रीडूंगरगढ़ टुडे 13 जनवरी 2026
दहेज की लालसा में एक और परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया है। क्षेत्र में दहेज प्रताडऩा का मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
गांव धीरदेसर पुरोहितान निवासी कालूराम जाट की पुत्री सुनीता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2018 में लोडसर, सरदारशहर निवासी महेंद्र के साथ हुआ था। आयु कम होने के कारण गौना वर्ष 2021 में हुआ। विवाह के समय उसके पिता ने करीब 2 लाख 21 हजार रुपये नकद, बाटका सहित दहेज का सामान, सोने-चांदी के गहने व कपड़े दिए थे।
पीडि़ता के अनुसार ससुराल पहुंचते ही पति महेंद्र, ससुर हरलाल, सास फुमा व ननद उर्मिला ने कम दहेज का ओलमा देते हुए मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये
नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट व मानसिक प्रताडऩा की गई। वर्ष 2022 में पुत्री के जन्म के बाद आरोपियों ने पुत्र न होने के ताने देते हुए अत्याचार और बढ़ा दिए। सुनीता ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने उसे मासूम बेटी सहित घर से धक्के मारकर निकाल दिया। जब उसके पिता, चाचा, ताऊ व अन्य परिजन समझाइश के लिए ससुराल पहुंचे तो उन्हें भी गाली-गलौज कर भगा दिया गया। इसके बाद 9 दिसंबर 2025 को आरोपी पीहर पहुंचे और दोबारा दहेज की मांग करते हुए बिना दहेज वापस भेजने पर जिंदा जलाकर मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंपी है। मामले की जांच जारी है।










