श्रीडूंगरगढ़ टुडे 15 जनवरी 2026
मकर संक्रान्ति पर जब सूर्यदेव धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं और पूरा देश इस पर्व को मकर संक्रान्ति, उत्तरायण, बिहू, पोंगल और खिचड़ी जैसे विविध रूपों में उत्साहपूर्वक मनाता है, उसी पावन बेला में दिल्ली स्तिथ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के समवेत सभागार में सांस्कृतिक मंत्रालय एंव पंचायतीराज राज मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्रण मिशन प्रभाग (एनएमसीएम) ने अपना प्रतिष्ठा दिवस( ANNUAL DAY) सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण कार्यक्रम के साथ मनाया।
इस दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान के नितिश मेहरा ने भी भाग लिया नितीश ने सुमधुर गायन प्रस्तुति से एरी सखी,जय हो, वो भारत देश है मेरा सहित अनेक पंजाबी गानो से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया जिस पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी इस प्रस्तुति के लिए अंगवस्त्र ( दुप्पटा) ओढ़ाकर सन्मानित कया गया।
मेहरा ने बताया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पंचायती राज मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं संस्कृति मंत्रालय के उप सचिव डॉ शाह फैसल, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी, डीन आर.सी. गौड़, मिशन के निदेशक डॉ. मयंक शेखर तथा सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगनाएँ पद्मश्री कल्लिनी एवं कमलिनी अस्थाना ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम ने भारतीय सांस्कृतिक विविधता और लोक कलाओं के संरक्षण व संवर्धन के प्रति राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्रण मिशन की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
एनएमसीएम का यह प्रतिष्ठा दिवस न केवल मकर संक्रान्ति की सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा रहा, बल्कि भारत की विविध लोक, जनजातीय और शास्त्रीय परम्पराओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश भी देता हुआ सम्पन्न हुआ।







