श्रीडूंगरगढ़ टुडे 20 जनवरी 2026
श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक मंगलवार सायं 07:00 बजे Google Meet के माध्यम से सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सोहनलाल मेघवाल ने की।
बैठक में आगामी माह में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जयंती समारोह को भव्य, अनुशासित एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाने को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गणेश तालनीया ने मार्गदर्शन प्रदान करते हुए गुरु रविदास जी के मानवतावादी विचारों, सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
वर्चुअल बैठक का संचालन प्रदेश प्रवक्ता ओ.पी. हटीला द्वारा किया गया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जसमल इंडलियां, मदन गहलोत (मोदी), बाल मुकुंद सहित अनेक प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में प्रदेशाध्यक्ष सोहनलाल मेघवाल ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के आदर्शों पर चलकर संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनसेवी बनाने का आह्वान किया।












