श्रीडूंगरगढ़ टुडे 26 जनवरी 2026
उपखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में सेसोमूं ने लहराया परचम
श्रीडूंगरगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री शुभम शर्मा, उपखंड अधिकारी, श्रीडूंगरगढ़ की अध्यक्षता में आयोजित उपखंड स्तरीय समारोह में सेसोमूं स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सेसोमूं स्कूल ने परेड प्रदर्शन एवं नाटक विधा में भाग लिया और दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना परचम लहराया। विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री महेश व्यास, सहायक महाप्रबंधक (AGM), बीएसएनएल, बीकानेर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अजय बलोनी, सब डिविजनल इंजीनियर, बीएसएनएल, बीकानेर की गरिमामयी उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं प्रभावशाली परेड प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, भाषण एवं कविता के माध्यम से गणतंत्र दिवस के महत्व और भारतीय संविधान की गरिमा को सशक्त रूप से उजागर किया।
इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया। कक्षा 12वीं कला वर्ग की छात्रा माया को ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं ‘स्पोर्ट्स पर्सन (ब्वॉय)’ का सम्मान भविष्य नाई तथा ‘स्पोर्ट्स पर्सन (गर्ल)’ का खिताब दिव्या चौधरी को प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सेसोमूं स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय न केवल उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय के चेयरमैन श्री जगदीश प्रसाद मूंधड़ा, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा एवं प्राचार्य श्री सुब्रत कुंडू को बीएसएनएल अंकित अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
विद्यालय के चेयरमैन एवं वाइस चेयरपर्सन ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। अंत में प्राचार्य श्री सुब्रत कुंडू ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मैनेजिंग कमेटी सदस्य श्री महावीर माली, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्री फरियाद अली, सीईओ श्री घनश्याम गौड़, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




