श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 जनवरी 2026
भारत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी, बीकानेर के निर्देशानुसार, राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में नो मैपिंग (No Mapping) वाले मतदाताओं को सुनवाई लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके लिए यह अंतिम अवसर है।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि एसआईआर के परिगणना चरण में जिन निर्वाचकों की पिछली निर्वाचक नामावली से स्वयं, माता-पिता या दादा-दादी के स्तर पर मैपिंग नहीं हो पाई है, ऐसे मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आयु अनुसार मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इसके लिए उन्हें उपखंड अधिकारी कार्यालय/तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ में संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज जमा कराने होंगे। संबंधित निर्वाचक इस पर विशेष ध्यान दें।
नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने बताया कि नोटिस की सुनवाई भागवार की जा रही है सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ (भाग संख्या 01 से 76 एवं 147 से 182 तक), नायब तहसीलदार (राजस्व),श्रीडूंगरगढ़ (भाग संख्या 183 से 294 तक) तहसील कार्यालय में और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी ,श्रीडूंगरगढ़ (भाग संख्या 77 से 146 तक ) के समक्ष हो रही है।
प्रशासन ने अपील की है कि जिन नो मैपिंग वाले मतदाताओं को इस कार्यालय से नोटिस जारी किए गए हैं वे निर्वाचक निर्धारित दस्तावेजों व नोटिस की प्रति सहित उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन करवाएं।














