श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 जनवरी 2026
मोमसर सीएचसी में डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के साथ बदसलूकी करने व धमकाने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है। सीएचसी मोमासर में सेवारत चिकित्सा अधिकारी 26 वर्षीय डॉ विजय कुमार पुत्र जगदीश मीणा निवासी आमेर, जयपुर ने मोमासर निवासी धन्नाराम पुत्र कानाराम व विजयपाल पुत्र टोडाराम जाट के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि आरोपी अपराधी प्रकृति के है और आए दिन अस्पताल में आकर गाली गलौज करते है। 17 जनवरी 2026 की रात करीब आठ बजे आरोपी एक मरीज के साथ आए। परिवादी ने बताया कि मेडिकल स्टाफ अस्पताल में था और ऑन कॉल वे भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। परिवादी ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ व मेडिकल स्टाफ के साथ गाली गलौज करते हुए धक्कामुक्की की और जातिसूचक गालियां दी।
वहीं 18 जनवरी 2026 को भी शाम करीब छह बजे आरोपी अस्पताल में नशे में अस्पताल आए व परिवादी व स्टाफ के साथ बदतमीजी करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए गंदी गालियां देने लगा। आरोपियों ने धमकियां देते हुए सरकारी गोपनीय दस्तावेजों को बिना अनुमति निकाल कर फोटो लिए व उन्हें खुर्द बुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ निकेत पारीक को सौंप दी है।








