श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 फ़रवरी 2026
पूनरासर गांव की रोही क्षेत्र में गुरुवार देर रात वन्यजीव हमले की घटना सामने आई अज्ञात वन्यजीव द्वारा बकरियों पर किए गए हमले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चंद्र वर्मा मय रेंज स्टाफ घटना स्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर पगमार्क के निशान संकलित कर उनका सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक अवलोकन किया गया। अनुसंधान और पदचिन्हों के विश्लेषण के पश्चात यह पुष्टि हुई कि हमलावर जानवर जंगली सियार (गीदड़) था।

जानकारी के अनुसार, शंकरनाथ पुत्र भोमनाथ के खेत पर एक किसान ढाणी बनाकर खेती व पशुपालन का कार्य करता है। इसी ढाणी में बंधी बकरियों पर सियार ने हमला किया और एक बकरी का बच्चा उठाकर ले गया। किसी अन्य बड़े हिंसक वन्यजीव की उपस्थिति के प्रमाण मौके पर नहीं मिले हैं।
सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित किसान को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अंतर्गत मुआवजा दिलवाने हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है तथा साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात्रि के समय अपने पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखें, खुले में न छोड़ें तथा किसी भी प्रकार की वन्यजीव गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।












