श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 फरवरी 2026
श्री डूंगरगढ़: देवनारायण कॉलोनी स्थित बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी में गुरुवार को तालुका विधिक सेवा समिति और उप जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को ‘संविधान के अनुच्छेद 21’ से लेकर ‘डिजिटल हेल्थ’ तक की जानकारी दी गई।
लंबी लाइनों से मुक्ति है ‘आभा’ (ABHA) : उप जिला चिकित्सालय के डीईओ (DEO) मोहम्मद अनवर खान ने तकनीकी जानकारी देते हुए छात्राओं को ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि अब अस्पताल की लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है; छात्राएं ‘ आभा ऐप' से स्कैन कर तुरंत टोकन जनरेट कर सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर बीमारी होने पर संकोच न करें, बल्कि परिवार से साझा करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएलवी बलराम बेनीवाल ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21 हमें गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देता है, और एक स्वस्थ शरीर के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं को ‘आयुष्मान आरोग्य योजना’ और विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि कानून और स्वास्थ्य दोनों जीवन के रक्षक हैं।
काउंसलर मदन लाल मीणा ने छात्राओं को फास्ट फूड, चॉकलेट और पैकिंग फूड से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा ‘योगिक संस्कृति’ कि भोजन के बीच 6 से 8 घंटे का अंतराल रखना पाचन तंत्र के लिए सर्वोत्तम है।
कार्यक्रम के अंत में उप जिला चिकित्सालय श्री डूंगरगढ़ की टीम को प्रतीक चिन्ह भेंट कर लाइब्रेरी परिवार की ओर से सम्मानित करते हुए निदेशक योगगुरु ओमप्रकाश कालवा ने अतिथियों का आभार जताया और नियमित योग करने का संकल्प दिलाया।












