श्रीडूंगरगढ़ टुडे 7 फरवरी 2026
ग्रामीण खेल परंपरा और युवाओं में खेल भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से सूडसर गांव में 8 फरवरी को ऐतिहासिक कुश्ती महादंगल का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन समाजसेवी स्वर्गीय चौधरी चूनारामजी भादू की 21वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ग्रामोत्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में होगा।
चौधरी चूनाराम भादू मेमोरियल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार यह महादंगल क्षेत्र के खेल इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगा। ट्रस्ट के सुभाष भादू ने बताया कि दंगल में राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के नामी अखाड़ों के पहलवान भाग लेंगे, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और उच्च स्तर के होंगे। विजेता पहलवानों को आकर्षक नगद पुरस्कार व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
तैयारियां जोरों पर, जिम्मेदारियां सौंपी गईं
महादंगल की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को एक विस्तृत तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं को लेकर गहन चर्चा की गई। जिसमें दूरदराज से आने वाले दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और वाहन पार्किंग जैसी सुविधाओं को लेकर अलग-अलग टीमों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पोस्टर विमोचन के साथ बढ़ा उत्साह
बैठक के दौरान कुश्ती महादंगल के पोस्टर का विमोचन किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में इस आयोजन को लेकर चर्चा का माहौल है।
बैठक में ट्रस्ट संस्थापक पतराम भादू सहित शेखर रेगर मामराज भादू, अंकित मोदी, अरुण दर्जी, रमेश दुगरिया, अमित माहिच, धीरज खोड़, सरवन घिनटाला, जेठाराम भादू, मांगीलाल स्वामी और कोडाराम भादू सहित कई गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल परंपरागत खेलों को जीवित रखते हैं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करते हैं।











