श्रीडूंगरगढ़ टुडे 10 फरवरी 2026
राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले बजट 2026 को लेकर ग्रामीण अंचलों में जनता को कई महत्वपूर्ण उम्मीदें हैं। गांवों के विकास, किसानों, मजदूरों, युवाओं और गरीब वर्ग के लिए ठोस घोषणाओं की अपेक्षा की जा रही है। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोहनलाल मेघवाल बिदासरिया ने कहा कि राजस्थान का आगामी बजट यदि गांव, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर बनाया गया तो यह प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। बजट 2026 में यदि इन मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाता है तो गांव का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा। ग्रामीण जनता को उम्मीद है कि यह बजट केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर, ज़मीनी स्तर पर बदलाव लाने वाला होगा और किसानों, मजदूरों, महिलाओं व युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।










