श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 फरवरी 2026
डाक विभाग बीकानेर मण्डल के अधीक्षक रामवतार सोनी की अध्यक्षता में श्रीडूंगरगढ़ में समीक्षा एवं पुरस्कार वितरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीडूंगरगढ़, सूडसर एवं मोमासर उपडाकघरों के अंतर्गत कार्यरत ग्रामीण डाक सेवकों एवं विभागीय कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान ECR, वित्तीय वर्ष हेतु आवंटित एवं अर्जित व्यवसाय, खाते खुलवाने हेतु चल रहे 51 दिवसीय विशेष अभियान, तथा डाक वितरण व्यवस्था , प्रत्येक घर तक डाक विभाग की सेवाएं पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधीक्षक ने प्रत्येक व्यक्ति तक विभाग की योजनाएँ पहुँचाने के निर्देश देते हुए सुकन्या समृद्धि, बचत खाता, आवर्ती जमा आदि योजनाओं में अधिकाधिक खाते खोलने पर विशेष जोर दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
जनवरी माह में आयोजित डाक जीवन बीमा करोड़पति अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री डुंगरदास (BPM, उपनी), सुश्री सृष्टि (BPM, धीरदेसर) तथा सुश्री कल्पना (BPM, कितासर) सहित अन्य कर्मचारियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
अभियान में बीकानेर मण्डल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उत्तर उपमण्डल अधिकारी प्रेम सिंह शेखावत एवं श्रीडूंगरगढ़ उपडाकघर के पोस्टमास्टर श्री लेखराज की कार्यशैली की अधीक्षक द्वारा सराहना की गई।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
समीक्षा बैठक में अधीक्षक ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की बात कही।
डाक जीवन बीमा में ऐतिहासिक उपलब्धि
हाल ही में बीकानेर डाक मण्डल ने डाक जीवन बीमा करोड़पति अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित 01 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले मण्डल ने 1,76,45,105 रुपये का प्रीमियम अर्जित कर 176 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की, जो मण्डल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी प्रीमियम उपलब्धि मानी जा रही है।
अभियान के अंतर्गत उत्तर, दक्षिण एवं अन्य उपमण्डलों ने क्रमशः 65 लाख, 61 लाख एवं 51 लाख रुपये का प्रीमियम अर्जित किया। उत्तर उपमण्डल ने 65 लाख रुपये का प्रीमियम अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अधीक्षक श्री रामवतार सोनी ने उत्तर उपमण्डल अधिकारी श्री प्रेम सिंह शेखावत सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
इस उपलब्धि के साथ बीकानेर डाक मण्डल पश्चिम राजस्थान क्षेत्र (जोधपुर) में सर्वाधिक डाक जीवन बीमा प्रीमियम अर्जित करने वाला मण्डल बन गया है। अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से डाक जीवन बीमा योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने हेतु पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।




