श्रीडूंगरगढ़ टुडे 16 फरवरी 2026
उपजिला अस्पताल श्रीडूंगरगढ़ के सभागार में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने की।
बैठक में NCD (गैर संचारी रोग) कार्यक्रम के तहत चिकित्सा संस्थानवार स्क्रीनिंग और मरीजों के फॉलोअप की समीक्षा की गई। डॉ. साध ने सभी चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट भी ली। इस दौरान मदर लैब से होने वाली जांचों की जानकारी भी दी गई।
जिला स्तर से आए अधिकारियों ने विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों पर प्रस्तुतिकरण दिया। जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. सी. एस. मोदी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी। वहीं PCPNDT कोऑर्डिनेटर महेंद्र सिंह चारण ने लिंगानुपात सुधार पर चर्चा की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना और जिला नोडल अधिकारी मनीष गोस्वामी ने HMIS व PCTS का प्रशिक्षण दिया।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सोनी ने 12 सप्ताह में ANC पंजीकरण, संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत नसबंदी लक्ष्यों की पूर्ति और FPLMIS पर समय पर इंडेंट जनरेट करने पर जोर दिया गया।
बैठक में JSY व RSY योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को समय पर भुगतान के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी सेक्टरों के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, एसएचएस, एएनएम, डाटा एंट्री ऑपरेटर और रिपोर्टिंग स्टाफ उपस्थित रहा।


