श्रीडूंगरगढ़ टुडे 23 फरवरी 2026
तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ द्वारा जैन संस्कार विधि के अंतर्गत निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों का विधिवत आयोजन किया जा रहा है। समाज के मांगलिक अवसरों विद्यालय, दुकान एवं कार्यालय उद्घाटन, भवन उद्घाटन, शिलान्यास, जन्मदिवस संस्कार, तप संपूर्ति अनुष्ठान, विवाह, रक्षाबंधन, दीपावली कार्यशाला सहित अनेक कार्यक्रम जैन संस्कार विधि से गरिमापूर्ण रूप में संपादित हो रहे हैं।
इन सभी आयोजनों में मुख्य संस्कारक के रूप में प्रदीप पुगलिया, प्रमोद बोथरा एवं चमन श्रीमाल निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उनके समर्पण, सक्रियता एवं आध्यात्मिक निष्ठा से श्रीडूंगरगढ़ में जैन संस्कार विधि आज एक व्यापक एवं प्रेरणादायी अभियान के रूप में विकसित हो चुकी है।
हाल ही में आयोजित अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशन में सत्र 2025-27 में जैन संस्कार विधि प्रथम ऑनलाइन संस्कारक प्रशिक्षण एवं निर्माण कार्यशाला में देश-विदेश से अनेक प्रतिभागियों ने सहभागिता निभाई। इस प्रशिक्षण के पश्चात श्रीडूंगरगढ़ के मंत्री पीयूष बोथरा का जैन संस्कारक के रूप में चयन होना परिषद् एवं समस्त समाज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक लगभग 25 कार्यक्रम जैन संस्कार विधि से सम्पन्न हो चुके हैं। संस्कारक नियमित रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कर समाज में सकारात्मक चेतना एवं संस्कारों का संचार कर रहे हैं। उन्होंने मंत्री पीयूष बोथरा को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से इस अभियान को नई ऊर्जा, नई दिशा एवं व्यापक विस्तार मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह की कार्यक्रम रिपोर्ट में श्रीडूंगरगढ़ परिषद् का नाम निरंतर प्रकाशित हो रहा है, जो पूरे परिषद् परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
अंत में परिषद् परिवार ने सभी संस्कारकों के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति एवं सेवा-पथ पर अग्रसर रहने की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।








