श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 फरवरी 2026
क्षेत्र के एक गांव में अपने पीहर रह रही इकलौती बेटी व नाती के साथ पिता के परिवार के सदस्यों ने मारपीट कर उसे चोटिल कर दिया। गांव झंझेऊ निवासी अजीतसिंह पुत्र मालमसिंह राजपूत ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाते हुए गांव जाखासर निवासी नरपतसिंह व पद्मसिंह पुत्रगण गोविंद सिंह, शीशपाल व ईश्वरसिंह पुत्र नरपतसिंह, कानसिंह पुत्र पद्मसिंह, शेरसिंह पुत्र दीवान सिंह, ओमकंवर पत्नी नरपतसिंह के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सुमन कंवर अपने माता-पिता की एक ही संतान है। वह अपने पिता हनुमानसिंह की मृत्यु के बाद अपनी मां गोपाल कंवर के पास अपने पुत्र सुरेंद्र के साथ रहती है।
22 फरवरी की रात करीब नौ बजे पशुओं के लिए बरजांगसर से पिकअप में कुतर की झाल मंगवाई। जैसे ही गाड़ी आई तो आरोपी व दो तीन अन्य जनों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देने लगे। परिवादी ने उन पर ध्यान नहीं देकर पिकअप खाली करवा उसे पैसे दे देने की बात पत्नी से कही। उसी रात करीब 10.30 बजे उसकी पत्नी ने उसे फिर फोन किया और बताया कि आरेपियों ने मां-बेटे के साथ लाठी, कुल्हाड़ी, बरछी से मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया, जिससे सुमन को सिर में गंभीर चोटें आई। आरोपियों ने पिकअप खाली करने वालों को गाड़ी से नीचे उतार कर कुत्तर के रूपए 17500 रुपए छीन लिए, जब उसने व उसके बेटे सुरेंद्र ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंप दी है।









