श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 फरवरी 2026
गांव ऊपनी में स्थित सीबीएसई बोर्ड की सरकारी स्कूल स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के बाहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घटना मंगलवार सुबह की है। स्कूल गेट के पास एक आवारा कुत्ते ने 4 साल के मासूम बालक पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते एक ग्रामीण ने बालक को बचा लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, ऊपनी निवासी रामप्रताप सिद्ध का 4 वर्षीय पुत्र रामचन्द्र अपने बड़े भाई के साथ पहली बार स्कूल गया था। इसी दौरान बालक अचानक स्कूल परिसर से बाहर निकल आया। स्कूल गेट के पास मौजूद आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच लिया।
बालक की चीखें सुनकर वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए किसी तरह कुत्ते को भगाया और बालक को छुड़वाया। तब तक कुत्ता बालक के सिर में गहरा घाव कर चुका था।
परिजन तुरंत उसे लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज करवाया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल बालक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि स्कूल का मुख्य गेट खुला होना और वहां किसी गार्ड की मौजूदगी नहीं होना गंभीर लापरवाही है। साथ ही स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के बंद होने पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
वहीं स्कूल प्रशासन की ओर से भी यह बात सामने आ रही है कि घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा कि आसपास हिंसक कुत्तों की समस्या को लेकर पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है। घटना के समय अधिकांश स्टाफ बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में व्यस्त था। मामले की सूचना उपखंड अधिकारी, पुलिस प्रशासन और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन इस बार मामला बेहद गंभीर और भयावह है।
गौरतलब है कि भी आवारा कुत्तों से आमजन की सुरक्षा को लेकर कई बार दिशा-निर्देश जारी कर चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही।










