श्रीडूंगरगढ़ टुडे 31 अक्टूबर 2025
देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को देशभर में पटेल @150 यूनिटी मार्च का आयोजन हुआ। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा उत्साह के साथ सुबह 7 बजे रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कालू रोड़ से नई बनी पूनरासर सड़क पर सीओ निकेत पारीक व सीआई जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां पुलिस जवानों सहित स्कूली बच्चों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जयघोष’ और ‘सरदार पटेल अमर रहे’ के नारों के साथ भाग लिया। सभी ने एक किलोमीटर की दौड़ लगाई। इस दौरान सीओ निकेत कुमार ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के पश्चात रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें सरदार पटेल जैसे महापुरुषों के व्यक्तित्व और कृतित्व का अनुसरण करना चाहिए। साथ ही उन्होंने देश की एकता एवं अखंडता के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सजग रह कर अपने आस पास होने वाली किसी भी विधि-विरूद्ध कार्यवाही को रोकने, जाने-अनजाने उसका हिस्सा नहीं बनने की अपील की। इस मौके पर रन में शामिल सभी लोगों का आभार जताया। इस दौड़ में सेसोमूं स्कूल, भारती निकेतन उमावि के युवा विद्यार्थियों ने, आपणो गांव सेवा समिति, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी, लायंस क्लब, नागरिक विकास परिषद आदि सामाजिक संस्थाओं के युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया













