श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 नवम्बर 2025
राज्य सरकार की ओर से सेवानिवृत्त पेंशनर्स को बड़ा अपडेट दिया गया है। पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी पेंशनर्स को वर्ष 2025-26 के लिए जीवित प्रमाण पत्र (Life Certificate) 30 नवंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा करवाना होगा। निर्धारित तिथि तक प्रमाण पत्र नहीं देने पर पेंशन भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
कोषाधिकारी धीरज जोशी ने बताया कि पेंशनर्स के लिए कई माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। पेंशनर अपना जीवित प्रमाण पत्र किसी भी राजकीय कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर) के माध्यम से एसएसओ आईडी द्वारा ऑनलाइन सबमिट करवा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त इसे Life Certificate App, ई-मित्र पर बायोमेट्रिक के जरिए, या फिर कोष कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर भी जमा कराया जा सकता है।










