श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 नवंबर 2025
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोमासर बास में गैलरी की जमीन पर कब्जे के प्रयास, एसी आउटडोर तोडफ़ोड़, मारपीट व जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। परिवादी पीटर पुत्र किशोरीलाल की ओर से दायर इस्तगासा पर एसीजेएम कोर्ट, श्रीडूंगरगढ़ ने संज्ञान लेते हुए पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ को मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान के आदेश दिए हैं। परिवादी के अनुसार उसका घर वाल्मीकि बस्ती, मोमासर बास में स्थित है। मकान के पीछे करीब चार फुट की गैलरी हवा-रोशनी के लिए छोड़ी गई है, जिसमें दो वर्ष से एसी का आउटडोर लगा हुआ था।
परिवादी के अनुसार 31 अगस्त 2025 को दोपहर तीन बजे पड़ोसी अर्जुन पुत्र मखनलाल और उसकी पत्नी पुजा गैलरी में घुस आए तथा एसी के आउटडोर को लाठियों से तोडऩे लगे। विरोध करने पर दोनों ने परिवादी व उसकी पत्नी को मां-बहन की गालियां दीं, लाठी व फावड़ा लेकर मारपीट करने का प्रयास किया और घर पर पत्थर फेंके। आरोपियों ने गैलरी की जमीन को अपने घर में मिलाने की धमकी भी दी और जान से मारने की चेतावनी दी। पीटर द्वारा घटना की शिकायत एक सितंबर को थाने में दी गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर उसने 31 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी प्रार्थना पत्र भेजा, परंतु कार्रवाई नहीं हुई। इस्तगासा पर सुनवाई के बाद माननीय एसीजेएम कोर्ट श्रीडूंगरगढ़ ने पाया कि प्रस्तुत तथ्यों में गंभीर अपराध बनते हैं। अदालत ने आदेश दिया कि पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ में बीएनएसएस 2023 की धाराओं 3(5), 115(2), 126(2), 324(4), 329(4), 333, 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। मामले के जांच की जिम्मेदारी एसआई रतनलाल को सौंपी गई है।










