श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 नवम्बर 2025
दहेज के लिए प्रताडऩा का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहित महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दी है।
आड़सर बास की रहने वाली नेहा उर्फ गरिमा, पुत्री दिलीप ब्राह्मण ने बताया कि उसका विवाह 23 नवंबर 2023 को जयपुर निवासी और फिलहाल इम्फाल में रह रहे हिमांशु दाधीच से हुआ था। विवाह में परिवार ने अपनी क्षमता से बढ़कर दहेज और गहने दिए थे, लेकिन शादी के बाद ससुराल वालों का रवैया बदल गया।
रिपोर्ट के अनुसार, पति हिमांशु, ससुर विजयकुमार दाधीच और सास हेमलता शुरू से ही कम दहेज की बातें कहकर ताने देते थे। उन पर आरोप है कि वे लगातार पांच लाख रुपये और एक कार की मांग करते हुए मानसिक रूप से परेशान करते रहे। पीडि़ता ने यह भी कहा कि उसे अपमानित किया जाता था और धमकियां दी जाती थीं कि हिमांशु की शादी किसी अधिक संपन्न घराने में कर दी जाएगी।
नेहा के अनुसार, फरवरी 2025 में आरोपियों ने उसे यह कहते हुए घर से भेज दिया कि वह उन्हें पसंद नहीं। तनाव और अपमान के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई और करीब 15 दिनों तक वह आईसीयू में भर्ती रही।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि 18 जून 2025 को तीनों आरोपी श्रीडूंगरगढ़ आए और पीडि़ता के माता-पिता के साथ गाली-गलौज कर उन्हें भी अपमानित किया। महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष ने उसका सारा स्त्रीधन भी वापस करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंपी है।










