श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 नवंबर 2025
श्री डूंगरगढ़ (बीकानेर)। देवनारायण कॉलोनी स्थित बालिका स्वाध्याय निशुल्क लाइब्रेरी, जो संभाग की पहली और 50 जरूरतमंद बेटियों को समर्पित निशुल्क लाइब्रेरी है, में रविवार को अमेरिका में सेवारत नेवी चीफ इंजीनियर रामस्वरूप बासनीवाल को ‘भामाशाह सम्मान’ से नवाजा गया।
लाइब्रेरी के निदेशक योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा ने जानकारी देते हुए बताया कि लाइब्रेरी के प्रमुख सदस्य रामस्वरूप बासनीवाल पहली बार यहाँ पधारे। उन्होंने अपने पूज्य पिता श्री गोविंद प्रसाद बासनीवाल के साथ इस सम्मान समारोह में भाग लिया। बासनीवाल परिवार ने पूर्व में लाइब्रेरी की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था के लिए इक्कीस हजार रुपये का नकद आर्थिक सहयोग प्रदान किया था, जिसके लिए संस्था ने उन्हें सम्मानित किया।
निरीक्षण और भावी योजनाओं पर चर्चा
निदेशक योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा ने रामस्वरूप बासनीवाल को भामाशाह सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान, चीफ इंजीनियर रामस्वरूप बासनीवाल ने लाइब्रेरी का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा के इस सेवा कार्य की हार्दिक सराहना की और इसे और भी बड़े स्तर तक ले जाने की भावी योजनाओं पर निदेशक के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
समारोह के दौरान, सोशल मीडिया पर ‘सपाटे किंग’ के नाम से मशहूर राजस्थानी छोटा टार्जन योगानंद कालवा को भी उनकी उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से बधाई दी गई।











