श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 दिसंबर 2025
श्रीडूंगरगढ़: क्षेत्र में संचालित “बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी” बालिका शिक्षा के क्षेत्र में एक नई अलख जगा रही है। “बेटियाँ पढ़ेगी तो आगे बढ़ेगी “ के नारे को सार्थक करते हुए, यह लाइब्रेरी वर्तमान में 50 जरूरतमंद बेटियों के लिए अध्ययन का केंद्र बनी हुई है, जहाँ वे शांत और वातानुकूलित वातावरण में अपने उज्ज्वल भविष्य की तैयारी कर रही हैं।

लाइब्रेरी के निदेशक योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा और व्यवस्थापक श्री हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि लाइब्रेरी को आमजन का भरपूर स्नेह और सहयोग मिल रहा है। यहाँ पुस्तकों का विशाल भंडार, वाई-फाई, CCTV और करियर काउंसलिंग जैसी सुविधाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

डिजिटल शिक्षा की ओर एक कदम: समय की मांग और प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न को देखते हुए, अब बेटियों को ऑनलाइन क्लास और डिजिटल अध्ययन की आवश्यकता महसूस हो रही है। संस्था ने लाइब्रेरी को हाई-टेक बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 10 कंप्यूटर और 1 डिजिटल बोर्ड की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि बेटियाँ ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से भी ज्ञान अर्जित कर सकें।

संस्था की चेयरमेन श्रीमती मंजू देवी और संरक्षक श्री गोपाल राठी ने क्षेत्र के भामाशाहों, समाजसेवियों और दानदाताओं से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं। इस तरह स्नेह ओर सहयोग से आप इन बेटियों को तकनीक से जोड़ने में मदद कर सकते हैं। आपका एक सहयोग कई बेटियों के सपनों को नई उड़ान दे सकता है।
संपर्क करें: सहयोग हेतु इच्छुक भामाशाह, निदेशक (9799436775) या व्यवस्थापक (9694294916) से संपर्क कर सकते हैं।













