श्रीडूंगरगढ़ टुडे 13 दिसंबर 2025
श्रीडूंगरगढ़ के युवा समाजसेवी, योगी फाउंडेशन के संस्थापक और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) से शिक्षित विक्रम जोगी को विश्व हिंदू महासंघ ने राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन की राष्ट्रीय नेतृत्व टीम में युवाओं की भागीदारी को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विक्रम जोगी लंबे समय से सामाजिक कार्यों, शिक्षा के क्षेत्र में मार्गदर्शन तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए सक्रिय रहे हैं। ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में उनकी संस्था योगी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और सेवा से जुड़े कई पहल किए जाते रहे हैं। IIT से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट करियर के बजाय समाजसेवा को अपना मूल मार्ग चुना, जिसे स्थानीय युवा प्रेरणा के रूप में देखते है।
महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत महाराज के सान्निध्य में नई जिम्मेदारी
विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली स्थित कालका माता शक्ति पीठ (कालकाजी मंदिर) के महंत महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी महाराज के मार्गदर्शन में यह नई जिम्मेदारी विक्रम जोगी को सौंपी गई है। महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी, संगठन के शीर्ष नेतृत्व में रहते हुए उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में संरचनात्मक विस्तार और प्रकोष्ठों के गठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नए मीडिया प्रभारी के तौर पर विक्रम जोगी से अपेक्षा जताई कि वे डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की संचार रणनीति के माध्यम से संगठन की रचनात्मक गतिविधियों, सेवा कार्यों और संदेश को देशभर के युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।












