श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 जनवरी 2026
श्रीडूंगरगढ़ अचंल में ग्रामीण पीने के पानी के लिए तरस रहे है, वहीं एक गांव के हिस्से का लाखों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। इस व्यर्थ बह रहे पानी से करीब एक किलोमीटर का तालाब बन गया है, जिससे ग्रामीण व किसान काफी परेशान है। दरअसल, क्षेत्र में पेयजल के लिए लोग जूझ रहे है वहीं विभाग की बेपरवाही से पानी की बर्बादी देखकर लोग चिंतित भी है।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव उदासर चारणान के ताल में एक सरकारी ट्यूबवैल बना है। इस ट्यूबवैल से गांव लाखनसर को पेयजलापूर्ति की जाती है। पेयजल आपूर्ति की लाइन पूरी तरह से टूट गई है। इससे लाखों लीटर पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है और ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। इस पानी से लाखनसर की रोही में करीब एक किलोमीटर का तालाब सा बन गया है जहां पानी भर रहा है। इससे आस पास के किसान और सड़क पर आने जाने वाले भी परेशानी झेल रहे है। गांव के जागरूक युवा सुनील पेड़ीवाल ने बताया कि 181 पर अनेकों बार शिकायत करने पर भी कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं आया है। समस्या का समाधान तो दूर समस्या का निरीक्षण करने की जहमत भी विभागीय अधिकारी नहीं उठाते है। किसानों ने विधायक ताराचंद सारस्वत को पत्र देते हुए समस्या का निस्तारण करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह से पानी व्यर्थ बह रहा है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने विधायक सारस्वत को पत्र देते हुए इस लाइन को दुरस्त करवाने की मांग की है। जिससे गांव लाखनसर को उसके हिस्से का पानी मिल सके और ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध हो सकें। इस दौरान सुनील पेड़ीवाल, मुनिदास, राजुदान, गिरजदास, सोहनदास, सांवलदास, रीछपाल, महेश, रणजीत और नवरत्न सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विधायक इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेंगे।












