श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 जनवरी 2026
स्थानीय श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के होनहार छात्र लक्ष्मण सारण (पुत्र महेंद्र सारण) ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लक्ष्मण का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसमें भाग लेने के लिए वे अमरावती यूनिवर्सिटी, महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए हैं।
लक्ष्मण की इस उपलब्धि से महाविद्यालय प्रशासन और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सम्मान व विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के सचिव श्याम महर्षि, उपसचिव रामचंद्र राठी, विजय महर्षि और डॉ. विनोद सुथार ने खिलाड़ी लक्ष्मण सारण का माला पहनाकर स्वागत किया और मुंह मीठा करवाया।
महाविद्यालय परिवार ने लक्ष्मण को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। खिलाड़ी की इस सफलता में खेल प्रशिक्षक मुकेश जांगिड़ का विशेष योगदान रहा। प्रशिक्षक जांगिड़ ने बताया कि लक्ष्मण ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
इस अवसर पर प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं यदि सही मार्गदर्शन में अभ्यास करें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।









