श्रीडूंगरगढ़ टुडे 13 फरवरी 2026
क्षेत्र के सन शाइन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्कूली बच्चों को कानून और न्याय प्रणाली से जोड़ना था। कार्यक्रम में पीएलवी (PLV) बलराम बेनीवाल ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण और तालुका विधिक सेवा समिति के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने ‘लोक अदालत’ की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि किस प्रकार आज के समय में आम लोगों के लिए न्याय प्राप्त करना सहज और सरल हो गया है। बेनीवाल ने विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ प्रदेश संरक्षक योगगुरु ओमप्रकाश कालवा और योगगुरू राकेश कुमार पड़िहार ने कार्यक्रम में विशेष सहयोगी भूमिका निभाई। विद्यालय स्टाफ ने भी व्यवस्था में पूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू व्यास ने विधिक सेवा समिति की टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सत्र बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक हैं।


