श्रीडूंगरगढ़ टुडे 22 फरवरी 2026
सूडसर कस्बे के मुख्य बाजार स्थित उपडाकघर के समक्ष सूडसर उपडाकघर बचाओ संघर्ष समिति का धरना रविवार को 27वें दिन भी जारी रहा और आक्रोशित धरनार्थियों ने धरना स्थल पर बैठक की ओर आंदोलन को तेज करने को लेकर विचार-विमर्श किया। इसके बाद धरना स्थल लेकर बाजार के मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए डाक विभाग के सहायक निदेशक (एडीपीएस) का पुतला फूंका। धरना स्थल पर गोपाला राम भादू की अध्यक्षता में बैठक हुई।
सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने कहा कि प्रशासन धरना के प्रति उदासीन है और डाक विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए धरने को व्यापक करते हुए प्रदर्शन को गति दी जाएगी। जिससे प्रशासन में कोई हलचल होगी। डाक विभाग का यह तुगलकी फरमान क्षेत्र की जनता को कतई स्वीकार नहीं है। शेखर रेगर ने कहा कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है और 27 दिन बाद भी प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। इसलिए धरना स्थल पर केवल बैठने से काम नहीं चलेगा और इस गूंगे व बहरे प्रशासन को चेताने के लिए संगठित होकर संघर्ष को तेज करना होगा।
जगदीश स्वामी ने बताया कि आंदोलन को तेज किए बिना प्रशासन सुनने वाला नहीं है। इसी को लेकर धरना तेज किया जाएगा और प्रशासन को झुकाने के लिए हमें संगठित होना होगा।
इस दौरान टेऊ के उप प्रशासक लालूराम सारण, दुलचासर के पूर्व उप सरपंच ओमप्रकाश सोनी, कोजूराम खोड, पूर्णमल गोदारा, सीताराम खोड, राजेन्द्र जाखड़, खींयाराम रेगर, रमेश दुगरिया, अमित माहिच, हंसराज रेगर,अरूण दर्जी, भगवानाराम नवल, चंपालाल कटारिया, मांगीलाल मेघवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कल होगा अर्द्ध नग्न प्रदर्शन
सूडसर उपडाकघर बचाओ संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन को तेज करने के निर्णय के साथ ही सोमवार को धरना स्थल पर धरनार्थियों द्वारा अर्धनग्न प्रदर्शन किया जाएगा। संघर्ष समिति की ओर जारी प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि रविवार को पुतला फूंककर डाक विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई और इस क्रम में सोमवार को दोपहर सवा बारह बजे धरना स्थल पर धरनार्थियों द्वारा अर्द्ध नग्न प्रदर्शन किया जाएगा।


