श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 फरवरी 2026
गर्मी की शुरूआत होते ही श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। धोलिया गांव में जलदाय विभाग की प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव में लगातार तीन ट्यूबवेल खराब हो जाने से ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। होली त्योहार के मौके पर ग्रामीण पेयजल के लिए तरस रहें है। गांव के घरों में एक सप्ताह से सप्लाई ठप्प है और लोग टैंकरों से पानी मंगवा रहें है। गांव में सुखी खेलियों से बेसहारा पशु भी प्यास के मारे बेहाल है। वहीं ग्रामीण महंगे दामों में टैंकर मंगवाने को मजबूर हो गए है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं आपणों गांव सेवा समिति के सेवादार शूरवीर मोदी ने जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते निरीक्षण और मरम्मत नहीं किए जाने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि नियमित मॉनिटरिंग होती तो ट्यूबवेल खराब होने से पहले ही समस्या का समाधान किया जा सकता था।
ग्रामीणों के अनुसार, जल आपूर्ति ठप होने से पीने के पानी के लिए दूर-दराज भटकना पड़ रहा है। वहीं पानी की कमी का सबसे अधिक असर बेसहारा पशुओं पर पड़ रहा है। गांव और आसपास के क्षेत्र में पशु प्यास से व्याकुल होकर इधर-उधर भटक रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
शूरवीर मोदी ने प्रशासन से मांग की है कि खराब ट्यूबवेलों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए तथा वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाले दिनों में हालात और भयावह न हों। इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।












