श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 फरवरी 2026
रंगों के त्योहार होली के नजदीक आते ही श्रीडूंगरगढ़ अंचल होली की मस्ती में रंगता नजर आ रहा है। गांव-गांव फागोत्सव की धूम मची हुई है। शनिवार को गांव सातलेरा में आयोजित फागोत्सव कार्यक्रम में होली का उल्लास चरम पर रहा।

पैरों में घुंघरुओं की झंकार, माथे पर केसरिया साफा, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे युवा, बुजुर्ग और महिलाओं के वेश में महरी बने युवक पूरा माहौल रंग, राग और रस से सराबोर नजर आया। हारमोनियम की मधुर ध्वनि और बांसुरी की सुरीली तान पर रसियों ने जमकर नृत्य किया।

श्री वीर बिग्गाजी स्टेडियम स्थित ठाकुरजी मंदिर के सामने आयोजित फागोत्सव का शुभारंभ गौ रक्षक श्री वीर बिग्गाजी महाराज के भजन “घोड़ी आई ओ बिग्गाजी, थारी बारस की ओ दादा तेरस की” से हुआ। इसके बाद आड़सर जालबसर, उदरासर, पाबूसर, श्रीडूंगरगढ़, बिग्गा और सातलेरा की चंग पार्टियों ने चंग पर धमाल की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

उदरासर की चंग पार्टी और जालबसर की सती दादी चंग मंडली की प्रस्तुतियों पर दर्शक खुद को रोक नहीं पाए और नाचने लगे। पाबूसर की चंग पार्टी ने भी खूब तालियां बटोरीं। बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया।

फागोत्सव में श्रीडूंगरगढ़, तोलियासर, जैतासर, जैसलसर, बिग्गा, ठुकरियासर, अभयसिंहपुरा, कितासर, रामसरा, सातलेरा सहित आसपास की ढाणियों से हजारों दर्शक पहुंचे। आयोजन को लेकर बड़ा टेंट लगाया गया तथा महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई। दर्शकों के लिए चाय-पानी की भी समुचित व्यवस्था की गई।

आयोजक समिति के मालाराम तावनियां ने सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामीणों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं दीं।


