श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 मार्च 2026
सामाजिक बदलाव की दिशा में ग्राम पंचायत बीदासरिया के मेघवाल समाज के युवाओं ने मंगलवार को एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मृत्यु भोज और शराब का त्याग करने की सामूहिक शपथ ली। युवाओं ने सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई इस संकल्प का उल्लंघन करता पाया गया तो उस पर ₹5100 का जुर्माना लगाया जाएगा।
गांव में आयोजित बैठक में लेखराम, सोहनलाल, जगदीश प्रसाद, तोलाराम, देदाराम, गोपालराम, रामलाल, तनवीर, दुलाराम, छगनलाल, नरसाराम और गंगाराम सहित अनेक युवा उपस्थित रहे। सभी ने हाथ उठाकर समाज सुधार की इस पहल को जीवनभर निभाने का वचन दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता सोहनलाल मेघवाल बीदासरिया ने कहा कि युवाओं द्वारा लिया गया यह निर्णय समाज में फैली कुरीतियों को जड़ से खत्म करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मृत्यु भोज जैसी परंपराएं आर्थिक बोझ बढ़ाती हैं और शराब सेवन सामाजिक व पारिवारिक वातावरण को प्रभावित करता है।
समाज के प्रबुद्धजनों ने युवाओं के इस साहसिक निर्णय की सराहना करते हुए इसे जागरूक, स्वस्थ और सशक्त समाज निर्माण की ओर प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य गांवों के युवा भी इस मुहिम से प्रेरणा लेकर सामाजिक सुधार की दिशा में आगे आएंगे।











