श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 मार्च 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 10 अक्टूबर 2025 की रात, गांव इंदपालसर राईकान निवासी अर्जुनराम सुथार पुत्र भगवानाराम सुथार अपने घर के बाहर खुले में सो रहे थे। उन्होंने अपने मोबाइल फोन तकिये के नीचे रखा था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। अर्जुनराम ने बताया कि अगले दिन सुबह छह बजे फोन खोजने पर उसकी चोरी का पता चला। उन्होंने घर वालों और पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल में मौजूद जियो की सिम, उनके भाई तारूराम के नाम से ली गई थी और चोर ने इसके जरिए बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की।
चोर ने मोबाइल पे के माध्यम से 10, 4,000, 500, 400 रुपए सीमर नाम के खाते में ट्रांसफर किए और फिर 12 अक्टूबर 2025 को दो बार 50,000 रूपये रेश्मा नाम के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। अर्जुनराम ने इस चोरी और वित्तीय नुकसान की रिपोर्ट श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने मोबाइल की तलाश में सीईआईआर ऑनलाइन पोर्टल की मदद ली और 29 जनवरी 2026 को मोबाइल को अर्जुनराम के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेशकुमार को सौंपी। रिपोर्ट में यह मामला धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।




