1.श्रीडूंगरगढ़ अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार
श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाइवे पर अवैध शराब के साथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को हाइवे पर गांव हेमासर के निकट मोमासर बास निवासी नरेंद्र वाल्मिकी को अवैध शराब बेचने की फिराक में पकड़ कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 46 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को सौंप दी है।
2.आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत
जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में रविवार शाम रोही में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना कांकड़वाला के चक 2 सीएचएम की है। घटना के समय किशोर ईश्वर पुत्र विनोद कुमार अपने गांव में था कि अचानक आसमान से बिजली गिर गई। परिजन उसे तुरंत उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक अन्य युवक झुलसकर घायल हुआ है।
3.आठ साल का मासूम कोलायत सरोवर में डूबा, परिजनों ने जताया था किडनैपिंग का अंदेशा
जिले के कोलायत में 8 साल का बच्चा कपिल सरोवर में डूब गया। बच्चे के परिजनों ने रविवार को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी और रविवार दोपहर उसका शव सरोवर में मिला। कोटा के कुन्हाड़ी का रहने वाला ये बच्चा रामदेवरा पैदल यात्रियों के साथ था। माना जा रहा है कि देर रात अंधेरे में वो सरोवर में जा गिरा। कोलायत पुलिस के अनुसार गणेश पुत्र प्रसाद, जाति फूलमाली, उम्र 08 साल निवासी कुन्हाडी कोटा की गुमशुदगी उसके परिजनों ने शनिवार को रात 11 बजे दर्ज कराई थी। तब परिजनों को शक हुआ कि उसे कोई उठाकर ले गया है। ऐसे में पुलिस ने देर रात वाहनों की नाकेबंदी करवाकर चैकिंग की। कहीं कोई बच्चा नहीं मिला। जिले भर में पुलिस को अलर्ट किया गया लेकिन बच्चा नहीं मिला। रविवार दोपहर तालाब में डूब चुके गणेश का शव ऊपर आ गया। शव को बाहर निकाला गया तो उसके परिजनों को बुलाया गया। उन्होंने उसकी पहचान कर ली। शव को मोर्चरी पहुंचाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया है।
4.घर में अकेली रहने वाली महिला की मौत, दो दिन बाद छत पर मिला शव
अनूपगढ़ के प्रेमनगर में एक महिला का शव उसके घर की छत पर चारपाई पर मिला। मृतका की पहचान गीता देवी (47) के रूप में हुई। वह पति खेताराम मेघवाल से अलग रहकर दिहाड़ी मजदूरी करती थी। गीता देवी सतराना स्थित अपने पिता के घर से लौटी थी। इसके बाद वह दो दिन तक घर से बाहर नहीं निकली। पड़ोसियों को शक होने पर उन्होंने छत पर जाकर देखा। महिला बेसुध अवस्था में मिली। पुलिस को सूचना दी गई। एसएचओ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव पर फफोले थे और शरीर काला पड़ गया था। एफएसएल टीम ने जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध परिस्थिति नहीं मिली।मृतका के पिता उत्तमा राम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर लिया। पुलिस के अनुसार महिला की मौत संभवतः 16 अगस्त की सुबह हुई थी। धूप में शव के दो दिन पड़े रहने से फफोले पड़ गए थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण पता चलेगा। महिला का बेटा महाराष्ट्र में काम करता है।