श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 सितंबर 2025
सोलर प्लांट में काम को लेकर खूनी संघर्ष की खबर सामने आयी है। घटना छतरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के केला गांव की है। जहां पर सोलर प्लांट में कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और देखते ही देखते ही दोनो पक्ष भिड़ गए। जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीण स्थानीय लोगों के रोजगार की मांग कर रहे थे। वहीं सोलर प्लांट के प्रबंधन ने ग्रामीणों की मांग को नजरअंदाज करते हुए काम शुरू कर दिया। जिसके चलते मौके पर हंगामा और जमकर लाठियां चली। जिसमें दोनो पक्षों के आधा दर्जन के करीब लोग घायल हुए है। पुलिस के अनुसार दोनो पक्षों द्वारा रिपोर्ट दी जा रही है। इस मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दोनो पक्ष जमकर एक-दूसरे पर लाठियों से वार कर रहे है और कुछ लोग खून से सने हुए दिखाई दे रहे है। पुरे घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि सोलर प्लांट का प्रबंधन बाहरी लोगों को रोजगार दे रहा है जबकि पहला हक स्थानीय लोगों का होना चाहिए। वहीं प्लांट से जुड़े लोगों का कहना है कि योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जाता है।
अशोक नाथ ने 18 लोगों पर दर्ज कराया मामला
श्रीडूंगरगढ़ के सेरुणा गांव के अशोक नाथ ने थाने में रिपोर्ट दी है कि रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने कालू मोहम्मद, निहाल खान, अली शेर, सुमेर खान, कुर्बान खान, अरशद, राजू, बरकत, मोहम्मद अली, लियाकत खान, शरीफ खान, मेलू खान, मोहम्मद बख्श, कालू खान, जाकब खान, आशिक खान, अजूब खान और मसे खान पर मारपीट का आरोप लगाया है।
लियाकत अली ने भी दर्ज कराई एफआईआर
वहीं, छत्तरगढ़ निवासी लियाकत अली ने आरोप लगाया है कि प्रेम नाथ, महेंद्र नाथ, सोमनाथ, लक्ष्मण नाथ, कुंभ नाथ, गोरख नाथ, राजू नाथ और सार नाथ ने मिलकर उन पर हमला किया।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया। दोनों ओर से एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










